खोज
हिन्दी
  • English
  • 正體中文
  • 简体中文
  • Deutsch
  • Español
  • Français
  • Magyar
  • 日本語
  • 한국어
  • Монгол хэл
  • Âu Lạc
  • български
  • Bahasa Melayu
  • فارسی
  • Português
  • Română
  • Bahasa Indonesia
  • ไทย
  • العربية
  • Čeština
  • ਪੰਜਾਬੀ
  • Русский
  • తెలుగు లిపి
  • हिन्दी
  • Polski
  • Italiano
  • Wikang Tagalog
  • Українська Мова
  • अन्य
  • English
  • 正體中文
  • 简体中文
  • Deutsch
  • Español
  • Français
  • Magyar
  • 日本語
  • 한국어
  • Монгол хэл
  • Âu Lạc
  • български
  • Bahasa Melayu
  • فارسی
  • Português
  • Română
  • Bahasa Indonesia
  • ไทย
  • العربية
  • Čeština
  • ਪੰਜਾਬੀ
  • Русский
  • తెలుగు లిపి
  • हिन्दी
  • Polski
  • Italiano
  • Wikang Tagalog
  • Українська Мова
  • अन्य
शीर्षक
प्रतिलिपि
आगे
अधिक
दैनिक समाचार प्रसारण – २० नवंबर, २०२६
USS थियोडोर रूज़वेल्ट विमानवाहक पोत समूह मध्य पूर्व पहुँच गया है, इससे क्षेत्र में तैनात अमेरिकी विमानवाहक पोतों की संख्या ३ हो गई है, जैसे की अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ईरान पर और हमले करने पर विचार कर रहे हैं। यह USS जॉर्ज एच.डब्ल्यू.बुश और USS जॉर्ज वॉशिंगटन से जा मिला है, जिनकी तैनाती ईरानी जहाज़ों की नौसैनिक नाकाबंदी में मदद कर रही है (New York Post, Associated Press)
यूरोपीय संघ की परिषद ने १६ नवंबर को यूक्रेन (यूरेन) के लिए लगभग ८.८ अरब अमेरिकी डॉलर की वित्तीय सहायता मंज़ूर की। यह यूक्रेन फेसिलिटी के तहत सबसे बड़ा एकमुश्त भुगतान है। यूरोपीय संघ ने देश की बहाली, पुनर्निर्माण और सुधारों के लिए यह वित्तपोषण कार्यक्रम २०२४ में शुरू किया था। यह सहायता सुधार के २० से अधिक पड़ाव पूरे होने के बाद दी जा रही है। इसका उद्देश्य रूस के युद्ध के दौरान वित्तीय स्थिरता और सरकार की आवश्यक ज़रूरतों को सहारा देना है (UNITED24 Media)
१७ नवंबर की सुबह रूस के २ संदिग्ध सैन्य विमानों के फुकुओका प्रांत के ओकिनोशिमा द्वीप के पास कुछ समय के लिए जापानी हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने के बाद जापान ने लड़ाकू विमान रवाना किए। जापानी लड़ाकू विमानों ने रेडियो पर चेतावनियाँ दीं और जापान ने रूस के समक्ष कड़ा विरोध दर्ज कराकर आगे ऐसी घुसपैठ रोकने के उपाय करने की माँग की (The Japan Times, Jiji Press)
उत्तर कोरिया ने ११ नवंबर को अपना संशोधित संविधान जारी किया, जिसमें दक्षिण कोरिया को औपचारिक रूप से अलग पड़ोसी देश माना गया है और पुनर्एकीकरण का समर्थन करने वाले प्रावधान हटा दिए गए हैं। संविधान उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन के परमाणु बलों पर अधिकार भी मज़बूत करता है। इसमें परमाणु हथियारों के इस्तेमाल की अनुमति देने का अधिकार किसी अन्य को सौंपने की शक्ति शामिल है, लेकिन दक्षिण कोरिया को स्पष्ट रूप से शत्रु घोषित नहीं किया गया है (Korea JoongAng Daily)
बचावकर्मियों ने १४ नवंबर को स्पेन के कैनरी द्वीपसमूह में १४ नौकाओं से १,४८८ प्रवासियों को किनारे पहुँचाया। इस मार्ग पर ३२ वर्षों में दर्ज यह १ दिन की सबसे बड़ी संख्या है। इस बढ़ोतरी से स्वागत केंद्रों पर दबाव बढ़ रहा है, जिसके कारण लोगों को मुख्य भूमि के आवासों में भेजा जा रहा है, जहाँ मानवीय संगठन आश्रय, भोजन और स्वास्थ्य सेवा देते हैं (EuroWeekly News)
अमेरिकी बैंक चेज़, सॉफ़्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ़्ट और यात्री विमान सेवा यूनाइटेड एयरलाइंस में हालिया व्यवधान जटिल और पुराने कंप्यूटर तंत्रों की कमज़ोरियाँ उजागर करते हैं, विशेषज्ञों ने चेताया है कि जल्दबाज़ी में किए गए उन्नयन और छुट्टियों की भारी माँग से व्यवधान का जोखिम बढ़ सकता है। चेज़ ने सॉफ़्टवेयर की एक त्रुटि को कारण बताया, जबकि माइक्रोसॉफ़्ट ने सर्वरों पर बढ़ी माँग के साथ पहले पकड़ में न आई खामी को ज़िम्मेदार ठहराया, माइक्रोसॉफ़्ट के व्यवधान से दुनिया भर के उपयोगकर्ता प्रभावित हुए थे (New York Post)
ब्रिटेन में लंदन की भूमिगत रेल प्रणाली अंडरग्राउंड के चालकों ने २६ नवंबर, २०२६से २५ फ़रवरी, २०२७ के बीच २४ घंटे की ८ हड़तालों की योजना बनाई है। वे प्रस्तावित कार्य-व्यवस्थाओं का विरोध कर रहे हैं, जिनके बारे में उनके संघ का कहना है कि उनसे कामकाज की स्थितियाँ बिगड़ेंगी और नौकरियाँ ख़तरे में पड़ेंगी। इन हड़तालों से छुट्टियों के दौरान यात्रा और हीथ्रो हवाई अड्डे तक आवागमन बाधित हो सकता है (Euro Weekly News, RMT union)
ज़िम्बाब्वे के १,२०० से अधिक स्वास्थ्य केंद्रों में सौर ऊर्जा प्रणालियाँ लगाई गई हैं। इससे आवश्यक चिकित्सा सेवाएँ जारी रखने और बिजली कटौती के दौरान टीकों तथा तापमान-संवेदनशील अन्य दवाओं को प्रशीतित रखने में मदद मिल रही है। सरकार, संयुक्त राष्ट्र विकास कार्यक्रम और ग्लोबल फ़ंड के सहयोग से लगाई गई ये प्रणालियाँ डीज़ल जनरेटर पर निर्भरता और ऊर्जा लागत भी कम करती हैं (The Cool Down, Yahoo News)
कनाडा के रोग-भार [बीमारी, विकलांगता और समयपूर्व मृत्यु से होने वाली स्वास्थ्य हानि] के विश्लेषण में पाया गया कि २०२३ में कैंसर, हृदय एवं रक्तवाहिका रोग, मांसपेशियों व हड्डियों के विकार और अनजाने में लगी चोटें स्वास्थ्य हानि के ४ प्रमुख कारण थे। कुल स्वास्थ्य हानि में इनका योगदान आधा था (Medical Xpress)
ब्रिटिश हार्ट फ़ाउंडेशन और सहयोगी संगठनों की रिपोर्ट में पाया गया कि इंग्लैंड [ब्रिटेन] में गंभीर मानसिक बीमारी से पीड़ित लोगों की हृदय एवं रक्तवाहिका रोग से समयपूर्व मृत्यु की आशंका ४ गुना अधिक है। उन्होंने ब्रिटेन सरकार, NHS [राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा] और स्थानीय स्वास्थ्य प्रणालियों से धूम्रपान घटाने, स्वस्थ भोजन की उपलब्धता और वज़न प्रबंधन में सहायता बढ़ाने, स्वास्थ्य जाँच मज़बूत करने, मानसिक व शारीरिक स्वास्थ्य सेवाओं को एकीकृत करने तथा लेस्टर टूल [शारीरिक स्वास्थ्य निगरानी मार्गदर्शिका] का उपयोग बढ़ाने का आग्रह किया (Medscape, British Heart Foundation)
नियमित पैदल चलने से मस्तिष्क का स्वास्थ्य, स्मृति और सोचने की क्षमता बेहतर हो सकती है, साथ ही तनाव घट सकता है और नींद सुधर सकती है। वयस्कों को हर सप्ताह १५० मिनट तक मध्यम तीव्रता की शारीरिक गतिविधि करने का लक्ष्य रखना चाहिए। कम सक्रिय लोग रोज़ाना १०से १५ मिनट से शुरुआत कर सकते हैं और धीरे-धीरे अपनी गति और अवधि बढ़ा सकते हैं। इतनी तेज़ चाल से चलना कि हृदयगति और साँस थोड़ी बढ़ जाए, लेकिन बातचीत की जा सके, कई लोगों के लिए उपयुक्त है (VnExpress)
एक अध्ययन में शौकिया तौर पर दौड़ने वाले ७ पुरुषों में २१ दिन के वीगन आहार का संबंध शरीर में वसा के प्रतिशत और वसा के कुल भार में कमी से पाया गया, जबकि वसा-रहित शारीरिक द्रव्यमान में उल्लेखनीय कमी नहीं हुई (Bioengineer.org, Frontiers in Nutrition)
१४ नवंबर को नेपाल के गोरखा ज़िले में एक विशाल शुष्क भूस्खलन हुआ। यारू पुल के पास हिमालय की खड़ी ढलान से चट्टानें और मलबा बूढ़ी गंडकी नदी की ओर तेज़ी से गिरे, जिससे धूल का विशाल बादल उठ गया। अधिकारियों ने बताया कि कोई हताहत नहीं हुआ और संपत्ति को भी नुकसान नहीं पहुँचा (Reuters Connect)
१४ से १५ नवंबर के बीच अर्जेंटीना की पराना नदी के किनारे भीषण बाढ़ से ४ प्रांतों में ४,५०० से अधिक लोग विस्थापित हुए। १० कस्बों में जलस्तर उस सीमा से ऊपर चला गया जिस पर निकासी ज़रूरी हो जाती है। अल नीनो जलवायु परिघटना के कारण हो रही बारिश से नवंबर भर नदी के निचले क्षेत्रों में और बाढ़ आने का ख़तरा है (The Watchers)
सोमवार को पश्चिमी लीबिया के तट के पास भूमध्य सागर में, त्रिपोली [लीबिया] से लगभग ३८ किलोमीटर दूर, १५ किलोमीटर की गहराई पर ४.१ तीव्रता का भूकंप आया। निवासियों ने पश्चिमी तट पर झटके महसूस होने की सूचना दी, लेकिन इमारतों को कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ (The News of Bahrain)
फ़्लोरिडा [अमेरिका] ने पशु-जनों के साथ संदिग्ध दुर्व्यवहार, उनकी उपेक्षा या उन्हें त्यागने की सूचना देने के लिए १५ नवंबर को पूरे राज्य में निःशुल्क, गोपनीय हेल्पलाइन शुरू की। यह हेल्पलाइन ग़ैर-लाभकारी संस्था बिग डॉग रैंच रेस्, फ़्लोरिडा कृषि एवं उपभोक्ता सेवा विभाग के साथ मिलकर संचालित करती है (WCTV)
हार्वर्ड विश्वविद्यालय [अमेरिका] के एक अध्ययन में पाया गया कि अमेरिका के ४०३ बड़े डेटा केंद्रों में बिजली के इस्तेमाल से मई २०२४ से अप्रैल २०२५ के बीच २.५७ करोड़ मीट्रिक टन कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जित हुई, जो लगभग डेनमार्क के वार्षिक उत्सर्जन के बराबर है (Reuters)
पेटा [पीपल फ़ॉर द एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ़ एनिमल्स] इंडिया ने भोपाल को २०२६ का सबसे वीगन-अनुकूल [भारतीय] शहर घोषित किया। उन्होंने शहर के बढ़ते वीगन समुदाय, वीगन रूप में खाए जा सकने वाले पारंपरिक व्यंजनों और रेस्तराँ में बढ़ते वीगन विकल्पों का उल्लेख किया (PETA India)
ग्रीनविच विश्वविद्यालय [इंग्लैंड, ब्रिटेन] और हेरियट-वॉट विश्वविद्यालय [स्कॉटलैंड, ब्रिटेन] के शोधकर्ताओं ने आलू और बाकला की फलियों के प्रोटीन से पशु-जनों के मांस का ग्लूटेन-मुक्त विकल्प विकसित किया। उच्च नमी वाली एक्सट्रूज़न प्रक्रिया से रेशेदार बनावट तैयार हुई, लेकिन कड़वाहट और खाने के बाद रह जाने वाले स्वाद में सुधार की ज़रूरत है (Plant Based News)
३ नवंबर को लेमन ग्रोव, कैलिफ़ोर्निया [अमेरिका] के मतदाताओं ने प्रस्ताव ई को मंज़ूरी दी। इसके तहत शहर में पालतू पशु-जनों की दुकानें केवल आश्रयगृहों, सरकारी पशु कल्याण एजेंसियों, पशु संरक्षण संस्थाओं और ग़ैर-लाभकारी बचाव संस्थाओं से आए पक्षी-जनों को ही दे सकेंगी, और दुकानों को इससे कोई वित्तीय लाभ नहीं होगा। मतदाताओं की मंज़ूरी के ६ महीने बाद यह लागू होगा (World Animal Protection)
पाकिस्तानी व्यवसायियों ने मानवीय पहल के तहत कंपाला [युगांडा] के पास अनाथ बच्चों के लिए एक विद्यालय स्थापित किया।
यह कार्यक्रम युवाओं को बेहतर जीवन बनाने के लिए आवश्यक शिक्षा पाने में मदद करता है (Biz Today)
सैन फ़्रांसिस्को [अमेरिका] स्थित ऑनलाइन आवास-बुकिंग मंच Airbnb के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ब्रायन चेस्की ने सैन फ़्रांसिस्को के सार्वजनिक पार्कों को बेहतर बनाने के लिए व्यक्तिगत रूप से रिकॉर्ड १० करोड़ अमेरिकी डॉलर देने का संकल्प लिया है। ५ परियोजनाओं के लिए ३.९ करोड़ अमेरिकी डॉलर आवंटित किए जाएँगे, जबकि आने वाले वर्ष में नगर पार्क विभाग द्वारा चुनी जाने वाली अन्य परियोजनाओं के लिए ६.१ करोड़ अमेरिकी डॉलर सुरक्षित रखे जाएँगे (Good News Network)
कॉर्नेल विश्वविद्यालय [अमेरिका] की जैवध्वनिकी शोधकर्ता डॉ. लिया बुफ़ो ने अलास्का [अमेरिका] के तट के पास समुद्र के नीचे मौजूद दूरसंचार केबल से बोहेड व्हेल-जनों की पुकारें पहचानीं। यह नीली और फ़िन व्हेल-जनों का पता लगाने में फ़ाइबर-ऑप्टिक तकनीक के पिछले प्रदर्शनों पर आधारित है और व्हेल-जनों की आबादी व प्रवास की निगरानी बेहतर करने की इसकी क्षमता दिखाता है (Popular Science)
आज का प्रेरक उद्धरण: “माता-पिता को अपने बच्चों को प्रभु के परिवार के छोटे सदस्यों के रूप में देखना चाहिए, जिन्हें स्वर्ग के योग्य बनाने की शिक्षा देने के लिए उन्हें सौंपा गया है।” — एलेन जी. व्हाइट (शाकाहारी) सेवेंथ-डे एडवेंटिस्ट अमेरिकी चर्च की सह-संस्थापक (Desire of Ages)
लॉरेंस हलुश्का के मृत्यु-समीप अनुभवों पर इस ३-भाग की शृंखला के पिछले भाग १ और २ में लॉरेंस ने बताया था कि १ ही दिन में उनका हृदय ३ बार कैसे रुका। उन्होंने शुद्ध प्रेम से परिपूर्ण एक दिव्य सत्ता से मिलने का वर्णन किया, जिसकी सबसे निकट तुलना वे ईश्वर और पवित्र आत्मा के ईसाई वर्णनों से करते हैं। उन्होंने अपने भीतर ऐसी सीमाएँ भी पहचानीं, जो उन्हें उस प्रेम को पूरी तरह ग्रहण करने से रोक रही थीं। अंतिम भाग ३ में लॉरेंस रोज़मर्रा के जीवन में लौटने की कठिनाई, बाद में याद आई अपनी एक व्याकुल प्रार्थना और दूसरों के प्रति अधिक प्रेम व खुलेपन से जीने के अपने निरंतर प्रयास का वर्णन करते हैं।
अपने मृत्यु-समीप अनुभवों के बाद लंबे समय तक लॉरेंस उस दिव्य सत्ता के पास लौटने के लिए तरसते रहे। फिर भी उन्हें डर था कि उनके प्रेम के प्रति अधिक खुले हुए बिना उन्हें अलगाव की वही पीड़ादायक अनुभूति होगी। मैं यहाँ नहीं रहना चाहता था। मैं वहाँ रहना चाहता था, लेकिन मुझे यह भी पता था कि वहाँ जाने पर मैं अलगाव की उसी स्थिति में होऊँगा, जो भयानक है, क्योंकि ऐसा लगा जैसे आप अब तक की सबसे सुंदर स्त्री से मिले हों, जो हर तरह से पूर्ण हो, जो समझती हो कि आप क्या कर रहे हैं, आपकी देखभाल करती हो और जिसमें ये सारी खूबियाँ हों। तब आपको लगे, “मुझे दुनिया में किसी और चीज़ की परवाह नहीं है”। वह कहती है, “मुझे दूर जाना है और तुम मुझे फिर कभी नहीं देख पाओगे”। और वह नाव पर सवार होकर चली जाती है, और आपको इसी सच्चाई के साथ जीना पड़ता है। वह आपके पास थी और अब आप उन्हें पा नहीं सकते। अब आप जानते हैं कि वह कैसी है, लेकिन उन्हें पा नहीं सकते। वह अनुभूति ऐसी ही थी, बस बेहद तीव्र।
लॉरेंस बताते हैं कि मृत्यु-समीप अनुभवों के दौरान उनकी चेतना सामान्य जाग्रत जीवन से कहीं अधिक स्पष्ट थी। वे अमेरिकी फ़ुटबॉल के ज़रिए यह अंतर समझाते हैं। यह ऐसा लगता था जैसे कोई बच्चा शुरुआती लीग में खेल रहा हो, जबकि वहाँ पहुँचकर मुझे सुपर बोल के लिए NFL [नेशनल फ़ुटबॉल लीग] के मैदान में उतार दिया गया हो। हाँ, वह वास्तविक है। यहाँ इतनी कमी है। यही एक बात मुझे गहराई से महसूस होती है कि मेरा एक हिस्सा यहाँ नहीं रहना चाहता, क्योंकि मैं वहाँ रहना चाहता हूँ। लेकिन वहाँ मुझमें बेहिसाब प्रेम करने की क्षमता होनी चाहिए। लौटने की अपनी लालसा के बावजूद लॉरेंस मानते हैं कि उन्हें अधिक पूर्णता से प्रेम देना और ग्रहण करना सीखना होगा। इसकी शुरुआत यहीं होती है, अपने आसपास के लोगों के साथ पूरी तरह उपस्थित रहकर — उनके साथ भी, जिनके साथ रहना उन्हें कठिन लगता है।
अपने मृत्यु-समीप अनुभवों के कुछ सप्ताह बाद लॉरेंस को वह व्याकुल प्रार्थना याद आई, जो उन्होंने अपना हृदय रुकने से १ दिन पहले की थी। एक पीड़ादायक निजी संघर्ष से अभिभूत होकर, जिसका वर्णन वे नहीं करना चाहते, वे अकेले ज़मीन पर औंधे मुँह सिसक रहे थे। उन्हें लगा कि इसे सुलझाने के लिए वे अपनी ओर से सब कुछ कर चुके हैं, और उन्होंने ईश्वर से मदद की गुहार लगाई। मैं इससे तभी छुटकारा पा सकता हूँ जब आप इसे मेरे हृदय से जलाकर निकाल दें, और मैं आपसे यही भीख माँग रहा हूँ। मैंने यही शब्द कहे थे। […] और फिर मेरा हृदय ही रुक गया। और तब एकाएक आपको लगता है, “हे भगवान! सोच-समझकर माँगना चाहिए”।
लॉरेंस नहीं मानते कि उन्होंने अपने मृत्यु-समीप अनुभवों को अर्जित किया था या उनसे वे किसी और से बेहतर हो गए हैं। जब लोग उन्हें एक उपहार कहते हैं, तो वे सहमत होते हैं, लेकिन जो सीखा है उन्हें व्यवहार में उतारना भी अपनी ज़िम्मेदारी मानते हैं। वे अब भी अपनी कमियों से जूझते हैं और महसूस करते हैं कि अब वे यह कहकर अपने व्यवहार को उचित नहीं ठहरा सकते कि उन्हें बेहतर समझ नहीं थी। इस प्रयास में अपने कारण हुए नुकसान का सामना करना और जहाँ संभव हो, उनकी भरपाई करने की कोशिश करना भी शामिल है। लॉरेंस मानते हैं कि वे अपने उन पहलुओं से कट गए थे, जिनका सामना करना उन्हें कठिन लगता था। अपने मृत्यु-समीप अनुभवों के दौरान उन्हें लगा कि इसी कारण वे उस दिव्य सत्ता का प्रेम पूरी तरह ग्रहण नहीं कर पा रहे थे। और जब मैं यहाँ नहीं था, तब मुझे अनुभव हुआ कि मेरे कुछ पहलू पूरी तरह मेरे अपने नहीं थे — चाहे शर्म के कारण, मेरे साथ हुई किसी घटना के कारण, आलस्य या अहंकार के कारण। मैं उस अद्भुत प्रेम को प्रतिबिंबित और ग्रहण नहीं कर पा रहा था, क्योंकि मैंने अपने उन पहलुओं को अपनाया नहीं था। मैंने अपने कुछ पहलुओं पर अपना नियंत्रण छोड़ दिया था।
उसी बिस्तर पर जागना, जहाँ उनका हृदय पहली बार रुका था, अक्सर लॉरेंस को याद दिलाता है कि अगला दिन मिलना निश्चित नहीं है। वे खुले मन से दिन की शुरुआत करने और अपने सामने मौजूद लोगों पर ध्यान देने की कोशिश करते हैं। किसी ने मुझसे नहीं कहा था कि मैं उस दिन मरने वाला हूँ। और मैं जागकर कहता हूँ, “मुझे यहाँ एक और दिन मिला है। मैं इसका सर्वोत्तम उपयोग कैसे करूँ? लॉरेंस के लिए उस अतिरिक्त दिन का एक उद्देश्य है। हम यहाँ क्यों हैं? प्रेम करना सीखने के लिए, सच्चा प्रेम। (The Soul Inspired यूट्यूब चैनल - धन्यवाद)
अधिक तारीखें देखें
ऐप
QR कोड स्कैन करें, या डाउनलोड करने के लिए सही फोन सिस्टम चुनें
आईफ़ोन
एंड्रॉयड
Prompt
OK
डाउनलोड
साँझा करें
साँझा करें
एम्बेड
इस समय शुरू करें