दैनिक समाचार प्रसारण – २६ नवंबर २०२६
अमेरिका और ईरान ने लगभग ९ महीने का संघर्ष समाप्त करने के लिए समझौते में रुचि दिखाई। २१ नवंबर के साक्षात्कार में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वे ऐसा स्थायी समझौता चाहते हैं, जो ईरान को परमाणु हथियार रखने से रोके। २१ नवंबर को प्रकाशित एक अलग साक्षात्कार में ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराघची ने कहा कि ईरान अब भी वार्ता के लिए तैयार है और मध्यस्थों के ज़रिए अमेरिका के साथ संदेशों का आदान-प्रदान जारी रखे हुए है (Dân trí, Reuters)
सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने बताया कि उन्होंने २१ नवंबर को पश्चिमी सऊदी अरब की ओर आ रही हूती बैलिस्टिक मिसाइल और २२ नवंबर को रियाद [सऊदी अरब] की ओर आ रहे हूती ड्रोन को रोककर नष्ट किया (CNBC)
BBC News ने २० नवंबर को बताया कि यूक्रेनी (यूरेनी) बलों ने २० सितंबर को शुरू हुए जवाबी अभियान में पूर्वोत्तर खारकीव क्षेत्र [यूक्रेन (यूरेन)] की १४ बस्तियों और लगभग २०० वर्ग किलोमीटर क्षेत्र पर फिर नियंत्रण कर लिया। यूक्रेन (यूरेन) की सेना ने कहा कि अभियान ने उनके सैनिकों को घेरने की रूसी कोशिश बाधित कर दी और रूसी सीमा के पास की बस्तियों को रूसी बलों से मुक्त कराने के प्रयास जारी हैं (U24 Media, BBC News Ukraine)
यूरोपीय संघ और इंडोनेशिया ने १ दशक की वार्ता के बाद २१ नवंबर को व्यापार और निवेश समझौतों पर हस्ताक्षर किए। यूरोपीय आयोग के अनुसार, इन समझौतों से यूरोपीय संघ की लगभग सभी श्रेणियों की वस्तुओं पर इंडोनेशिया के आयात शुल्क समाप्त होंगे और संघ के निर्यातकों को सीमा शुल्क में सालाना ६० करोड़ यूरो से अधिक की बचत होगी। आयोग को उम्मीद है कि अंतिम मंज़ूरी से पहले, २०२७ की शुरुआत में समझौते अस्थायी रूप से लागू होने लगेंगे (euronews, European Commission)
राजनीतिक विपक्ष और स्वतंत्र मीडिया पर बढ़ती कार्रवाई के विरोध में २२ नवंबर को कई हज़ार लोगों ने इस्तांबुल [तुर्किये] में मार्च किया। विपक्षी येनी पार्टी ने यह रैली पुलिस द्वारा सोज़्जू टीवी पर छापा मारकर वरिष्ठ कर्मचारियों को गिरफ़्तार करने और अधिकारियों द्वारा प्रसारक को सरकार-नियुक्त न्यासी के अधीन रखने के अगले दिन आयोजित की (France 24)
होंडा और टोयोटा जापानी वाहन-पुर्ज़ा निर्माता Takata के बनाए एयरबैग इन्फ्लेटर बदलने के लिए दुनियाभर में लगभग १६ लाख वाहन वापस मँगा रही हैं, जिनमें लगभग ११ लाख अमेरिका में हैं। एयरबैग खुलने पर इन्फ्लेटर फट सकते हैं, लेकिन वाहन निर्माताओं ने कहा कि वाहन वापस मँगाने के नवीनतम अभियानों से संबंधित किसी इन्फ्लेटर के फटने, दुर्घटना या चोट की सूचना नहीं है (NBC News, Reuters)
अमेरिकी राष्ट्रीय खुफ़िया निदेशक जे क्लेटन ने २२ नवंबर को चेताया कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता की प्रगति के साथ तालमेल रखने और साइबर सुरक्षा सुधारने के लिए देश के पुराने डिजिटल बुनियादी ढाँचे के उन्नयन के दौरान अमेरिकियों को कभी-कभी सेवाओं में व्यवधान की संभावना को ध्यान में रखना चाहिए। (Fox News)
औलक (वियतनाम) की असेंबली ने २० नवंबर को संशोधित दंड संहिता पारित की, जिसके तहत १ मार्च २०२७ से मादक पदार्थों की तस्करी और कई अन्य अपराधों में अधिकतम सज़ा मृत्युदंड के बजाय आजीवन कारावास होगी। ४ अपराधों में मृत्युदंड दिए जाने का प्रावधान बना रहेगा (Channel News Asia)
२१ नवंबर की रिपोर्ट के अनुसार, मनाकोर, मयोर्का [स्पेन] में लगभग ४० आवारा बिल्ली-जनों की बस्ती में अत्यधिक संक्रामक फ़ेलाइन पैनल्यूकोपीनिया फैलने से शुरुआत में ५ बिल्ली-जनों की मृत्यु हुई और ९ अन्य को अस्पताल में इलाज की ज़रूरत पड़ी। देखभालकर्ताओं के GoFundMe [ऑनलाइन सामूहिक धनसंग्रह मंच] पेज ने बाद में ८ मौतों और ८ हज़ार यूरो से अधिक के पशुचिकित्सा बिलों की जानकारी देते हुए दान की अपील की (EuroWeekly News, GoFundMe)
ओरेगन [अमेरिका] ने २०२६ के अपने पहले मानव बर्ड फ़्लू मामले की पुष्टि की है मॉरो काउंटी की एक पशु-जन डेयरी में संक्रमित गोवंश-जनों के संपर्क में आने के बाद एक व्यक्ति में हल्के लक्षण दिखे। मरीज़ को विषाणुरोधी उपचार दिया गया और अस्पताल में भर्ती नहीं करना पड़ा। CDC [अमेरिकी रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र] के २० नवंबर के अद्यतन के अनुसार, फरवरी २०२४ से अमेरिका में बर्ड फ़्लू के ७५ मामले और३ मौतें दर्ज हुईं, जबकि मानव से मानव में संक्रमण का कोई ज्ञात मामला नहीं है (Daily Mail, US CDC)
Obesity पत्रिका में प्रकाशित अध्ययन में पाया गया कि अधिक वज़न या मोटापे वाले ३० शारीरिक रूप से निष्क्रिय वयस्कों में रोज़ाना ४५ मिनट तेज़ चलने को दिनभर लगभग ५ मिनट के अंतरालों में बाँटने से, एक बार में उतना ही चलने की तुलना में ग्लूकोज़ का बेहतर नियंत्रण हुआ। रक्त में ग्लूकोज़ का स्तर अनुशंसित सीमा में रहने का समय थोड़ी-थोड़ी देर चलने वाले समूह में ८२% से बढ़कर ९४% हुआ, लेकिन एक सत्र वाले समूह में ८९% से घटकर ८०% रह गया। किसी भी समूह में इंसुलिन संवेदनशीलता में सुधार नहीं हुआ (SciTech Daily)
Gò Công [औलक (वियतनाम)] में लगभग ३३६ अरब डोंग, यानी करीब १ करोड़ ३० लाख अमेरिकी डॉलर की तटीय सुरक्षा परियोजना बन रही है, जिसमें छिद्रयुक्त कंक्रीट का ६.८ किलोमीटर लंबा लहर-अवरोधक शामिल है। परियोजना का उद्देश्य लहरों की ऊर्जा घटाना, तटीय कटाव रोकना, निवासियों, घरों और भूमि की रक्षा करना तथा मैंग्रोव की बहाली में सहयोग देना है, ताकि तूफ़ानों और बढ़ते समुद्र स्तर का बेहतर सामना हो सके (Tuổi Trẻ, Báo Đồng Tháp)
जापान भर में १९ नवंबर को शुरू हुई भारी बर्फ़बारी और जमा देने वाली ठंड कई दिनों तक जारी रही, फ़ुकुशिमा में लगभग १,५०० लोग अलग-थलग पड़ गए, १,९०० घरों की बिजली बाधित हुई और होक्काइडो में १३० वाहन फँस गए (Báo Ngôi Sao)
एक विशाल भूस्खलन ने जमैका की प्रमुख सड़क फ़्लैट ब्रिज/बॉग वॉक रोड को कीचड़ और मलबे में दबा दिया, जिससे यातायात ठप हो गया। भारी वर्षा भी भूस्खलन का एक कारण थी, जिससे परिवहन बाधित हुआ और सफ़ाई अभियान शुरू करना पड़ा (The Cool Down)
ब्रिटेन में २०२६ के दौरान २० नवंबर तक छतों पर २ लाख ७० हज़ार से अधिक प्रमाणित सौर प्रणालियाँ लगाई गईं, जिससे पिछले पूरे वर्ष का रिकॉर्ड टूट गया। परिवार, खुदरा विक्रेता, खेल स्थल और सामुदायिक केंद्र अपनी बिजली बनाने तथा ऊर्जा खर्च घटाने के लिए सौर पैनल लगा रहे हैं (Gov.uk)
अंताल्या [तुर्किये] में संयुक्त राष्ट्र का COP31 [३१वाँ संयुक्त राष्ट्र जलवायु परिवर्तन सम्मेलन] जलवायु शिखर सम्मेलन २२ नवंबर को किसी बड़े समझौते के बिना समाप्त हुआ और अब तक का सबसे लंबा संयुक्त राष्ट्र जलवायु सम्मेलन बन गया। यूरोपीय संघ और प्रशांत द्वीपीय देशों ने अंतिम मसौदा अस्वीकार कर दिया, क्योंकि उसमें जीवाश्म ईंधनों का कोई सीधा उल्लेख नहीं था। कई निम्न-आय वाले देशों ने भी आपत्ति जताई कि जलवायु परिवर्तन के अनुकूल ढलने में उनकी सहायता के लिए समृद्ध देशों की स्पष्ट वित्तीय प्रतिबद्धताएँ नहीं थीं। प्रतिनिधि एक ऐसे ढाँचे पर सहमत हुए, जो अर्थव्यवस्थाओं के स्वच्छ ऊर्जा की ओर बढ़ने के दौरान श्रमिकों और समुदायों को सहयोग देता है (BBC News, UN Climate Change)
वॉशिंगटन विश्वविद्यालय [अमेरिका] की शोधकर्ता डॉ. ज़ोई रैंड के नेतृत्व वाले अध्ययन का अनुमान है कि गंभीर रूप से संकटग्रस्त अंटार्कटिक ब्लू व्हेल-जनों की आबादी लगभग १० गुनी हुई है, १९७३में व्हेल शिकारियों द्वारा आखिरी दर्ज हत्या के बाद लगभग ४१८ से बढ़कर यह २०२४ में लगभग ४ हज़ार हो गई। व्हेल शिकार को नियंत्रित करने और व्हेल-जनों की आबादी की रक्षा के लिए कार्यरत अंतरराष्ट्रीय संस्था IWC [अंतरराष्ट्रीय व्हेल शिकार आयोग] ने व्यावसायिक शिकार से अंटार्कटिक ब्लू व्हेल-जनों के विलुप्ति की कगार पर पहुँचने के बाद १९६४ में उनका शिकार प्रतिबंधित किया था, लेकिन अवैध शिकार १९७३ तक जारी रहा। २०२४ का अनुमान व्हेल शिकार शुरू होने से पहले की आबादी का केवल लगभग २% है (Good News Network, University of Washington, International Whaling Commission)
ब्राइटन [ब्रिटेन] की ग्रेट मोशिमो वीगन चुनौती रसोइयों को रचनात्मक वीगन व्यंजन प्रस्तुत करने के लिए प्रोत्साहित करती है। १९ नवंबर के इसके प्रारंभिक दौर में ७ रसोइयों ने भाग लिया और १३० भोजनकर्ताओं ने स्वाद, प्रस्तुति तथा मौलिकता के आधार पर व्यंजन परखे, अगला दौर १० दिसंबर को होगा, जिसकी सभी टिकटें बिक चुकी हैं, और फ़ाइनल २०२७के वसंत में होगा (Brighton and Hove News, MOSHIMO)
स्विस वीगन खाद्य-प्रौद्योगिकी कंपनी प्लांटेड और स्विस तैयार-खाद्य उत्पादक ले पात्रों ने स्विस सुपरमार्केट शृंखला कूप की चुनिंदा शाखाओं में वीगन स्टेक वेलिंगटन पेश किया है, जिसमें पफ़ पेस्ट्री में वीगन स्टेक के साथ मशरूम और प्याज़ की भरावन है। त्योहारों के लिए इस बेक करने को तैयार व्यंजन को ओवन में पकने में २० से २५ मिनट लगते हैं (Green Queen, Le Patron)
ProVeg UK ने माध्यमिक विद्यालयों के लिए स्ट्रीट फ़ूड से प्रेरित, साथ ले जाकर खाने योग्य २० शत-प्रतिशत वीगन व्यंजन-विधियाँ प्रकाशित की हैं। इसके स्कूल प्लेट्स कार्यक्रम के तहत विकसित संग्रह में वैश्विक स्वाद, कई पारंपरिक विद्यालयी व्यंजनों से अधिक रेशा और कम संतृप्त वसा तथा भोजन प्रदाताओं के लिए प्रति परोस अनुमानित लागत दी गई है (ProVeg)
रेकोलेटा [चिली] में एक मोटरसाइकिल सवार और बस चालक ने मिलकर पतंग की डोर में उलझे एक पक्षी-जन को बचाया। चालक ने बस पक्षी-जन के नीचे खड़ी की, ताकि मोटरसाइकिल सवार छत पर चढ़कर उसे मुक्त कर सके (24 Horas)
सियोल स्थित समूह Puppy Connect द्वारा आयोजित दक्षिण कोरिया का मासिक Puppy Yoga कार्यक्रम, गोद लेने को प्रोत्साहित करने के लिए स्वास्थ्य-सत्रों के साथ बचाए गए श्वान-जनों को लोगों से घुलने-मिलने का अवसर देता है। नवंबर में सियोल के नोदुल द्वीप पर इसके आयोजन में १६ प्रतिभागी और घर तलाश रहे लगभग २० श्वान-जन शामिल हुए, इससे सकारात्मक मेलजोल को बढ़ावा मिला और आश्रय-स्थलों के पशु-जनों के प्रति जागरूकता बढ़ी (The Straits Times)
एक निवासी के सहायता माँगने पर अधिकारियों ने चाको प्रांत [अर्जेंटीना] के माकाये स्थित एक घर से सफ़ेद कानों वाले ८ शिशु ओपॉसम-जनों को बचाया। पशु-जनों को संभावित रिहाई से पहले पशुचिकित्सकीय जाँच, स्वास्थ्य-लाभ की निगरानी और देखभाल के लिए रेसिस्तेंसिया [अर्जेंटीना] की Fundación Refugio de Aves y Reptiles [पक्षी एवं सरीसृप आश्रय संस्था] ले जाया गया (Noticias Ambientales)
बुकीत पंजांग [सिंगापुर] में ७ वर्षीय बालक ने ५ मीटर गहरी जलनिकासी नाली में फँसे एक छोटे माउसडियर-जन को बचाने में मदद की। पशु-जन को देखने के बाद उनके परिवार ने एनपार्क्स [राष्ट्रीय उद्यान बोर्ड] से संपर्क किया, जिसके अधिकारियों ने उसे बचाया। मंदाई वन्यजीव केंद्र में पशुचिकित्सकीय जाँच के बाद छोटे माउसडियर-जन को चेस्टनट प्रकृति उद्यान में छोड़ दिया गया (The Cool Down)
आज का विचारणीय उद्धरण: “हमें एक-दूसरे से प्रेम और सम्मान करना चाहिए। बीमारियाँ और पीड़ा बिना किसी कारण नहीं आतीं।” - ग्रैंडमदर अयान अयांगत, मंगोल तेंगर उनन एसोसिएशन के शमनों की आध्यात्मिक नेता, मंगोलिया के आदिवासी चोनोस समुदाय की सदस्य (Our Shared Future – World Economic Forum)
इस ३-भाग वाली शृंखला के पिछले भाग १ और २ में ब्रिटिश अतींद्रिय माध्यम ऐन बेफ़र्ड ने ब्रिटेन के लंदन में वाहन की टक्कर के बाद चालक के भाग जाने की घटना से जुड़े अपने पहले मृत्यु-समीप अनुभव का वर्णन किया था। उन्हें याद था कि वे ऊपर से दुर्घटनास्थल देख रही थीं और साथ ही आत्माओं के सभागार में उन्हें उनके जन्मों के दृश्य दिखाए जा रहे थे। वर्षों बाद उनका दूसरा मृत्यु-समीप अनुभव तब शुरू हुआ, जब उन्हें साँस लेने में कठिनाई हुई और उन्होंने मन ही मन सहायता की पुकार लगाई। उन्हें धमक सुनाई दी और एक आकृति उनके पास घुटनों के बल बैठी दिखाई दी। जब उन्होंने उनके पंख देखे, तो समझ गईं कि वे एक देवदूत हैं। ऐन अब बताती हैं कि उन्होंने उन्हें क्या दिखाया और शल्यक्रिया के दौरान फिर परलोक में पहुँचने पर उनके साथ क्या हुआ। ऐन कहती हैं कि उस आकृति ने रोमन शैली का कवच पहना था और अपना परिचय माइकल के रूप में दिया। उन्होंने उन्हें महादेवदूत माइकल के रूप में पहचाना और सोचा कि क्या किसी और को उनकी सहायता की अधिक आवश्यकता है। उन्हें याद है कि माइकल ने उन्हें आश्वस्त किया कि वे उनकी सहायता पाने के योग्य हैं। वे कहती हैं कि उन्हें बताया गया कि माइकल एक साथ कई स्थानों पर हो सकते हैं और उनके साथ रहते हुए भी दूसरों की सहायता कर सकते हैं।
ऐन को याद है कि माइकल ने उन्हें कुछ झलकियाँ दिखाईं, जिन्हें उन्होंने एक ऐसे युवा चिमनी-सफ़ाईकर्मी के रूप में अपना पिछला जन्म समझा, जिसके फेफड़े कालिख से क्षतिग्रस्त हो गए थे। वे कहती हैं कि उन्होंने यह भी दिखाया कि कोई आत्मा विभिन्न आयामों में अनेक जन्मों का अनुभव कैसे कर सकती है। ऐन को याद है कि उन्होंने उनकी पीठ के ऊपरी हिस्से में दोनों कंधों के बीच हाथ रखा। उन्हें गर्माहट महसूस हुई और वे फ़र्श पर गिर पड़ीं। उनकी बेटी ने एम्बुलेंस बुलाई और अस्पताल जाते समय भी ऐन को उनकी उपस्थिति महसूस होती रही तथा भरोसा रहा कि उनकी देखभाल होगी। ऐन कहती हैं कि स्कैन में उनके फेफड़ों में घावों के निशान दिखे और उन्हें ब्रॉन्किएक्टेसिस का निदान हुआ। उन्होंने अपने फेफड़ों की समस्याओं को युवा चिमनी-सफ़ाईकर्मी के देखे हुए दृश्यों से जोड़ा।
ऐन का तीसरा मृत्यु-समीप अनुभव शल्यक्रिया के दौरान हुआ। उस समय वे तय कर रही थीं कि अस्पताल की नौकरी छोड़कर कॉलेज ऑफ़ साइकिक स्टडीज़ में पूर्णकालिक पद स्वीकार करें या नहीं। उन्हें लगता था कि जीवन में उन्हें कुछ और भी करना है। शल्यक्रिया की सुबह उन्हें आभास हुआ कि कुछ गड़बड़ होगी। दल ने प्रक्रिया रद्द कर दी, क्योंकि आवश्यक उपकरण टेढ़ा था। ऐन अगली सुबह लौटीं और एक अन्य निश्चेतना विशेषज्ञ (एनेस्थेटिस्ट) ने उन्हें बेहोशी की दवा दी। इसके बाद ऐन को याद है कि उन्हें घंटियों की आवाज़ सुनाई दी। वे बहुत ज़ोर से बज रही हैं। कमरा सफ़ेद था। कोई दीवार नहीं थी। और मुझे याद है, मैंने महसूस किया, “हे भगवान, मेरे साथ फिर यही हो गया”। और मेरी प्रतिक्रिया थी, “अरे, नहीं!” और मुझे बहुत स्पष्ट याद है कि मानो कोई मार्गदर्शक, एक आध्यात्मिक मार्गदर्शक, आगे [बढे]। उन्होंने दंतचिकित्सक जैसे कपड़े पहने थे, १९५० के दशक के पुराने ज़माने के दंतचिकित्सक जैसे। मार्गदर्शक ने सफ़ेद जैकेट पहनी थी, जिसके बटन एक ओर थे और ऊपरी कोना बाहर की ओर मुड़ा था। उन्होंने सुनहरे पतले फ़्रेम का चश्मा पहना था और एक छोटा क्लिपबोर्ड पकड़ा हुआ था। बोलते समय वे नाराज़ लग रहे थे और ऐन को लगा कि वे ५ साल की बच्ची हैं, जिसे प्रिंसिपल के पास भेजा गया है।
और मैं बस उन्हें देखती रही, और वे मुझे देखते रहे। वे बोले, “तुम यहाँ क्या कर रही हो? तुमको यहाँ नहीं होना चाहिए! तुम तैयार नहीं हो! यह तुम्हारा समय नहीं है! अभी तुमको यहाँ नहीं होना चाहिए!” और मुझे बस इतना याद है कि मैं सोच रही थी, “यह मेरी गलती नहीं है। मुझे नहीं पता कि मैं यहाँ क्यों हूँ।” ऐन ने पृष्ठभूमि में एक स्वर सुना और उन्हें शांति महसूस हुई। मार्गदर्शक के बोलते समय उन्होंने सोचा कि क्या वे ईश्वर से बात कर रहे हैं। ऐन कहती हैं कि उन्हें दिखाया गया कि व्यक्ति की ऊर्जा में उनके अनुभवों, भावनाओं, पिछले जन्मों और आत्मा के सीखे पाठों का अभिलेख रहता है। अब वे अपने विद्यार्थियों को यह विचार समझाने के लिए DVD का उपयोग करती हैं। इतनी सारी जानकारी थी। तो उन्होंने मेरे वहाँ रहते ही वह मुझे दे दी। और फिर मुझे वापस जाने को कहा।
ऐन अब अतींद्रिय माध्यम और पूर्वजन्म संबंधी कार्य करने वाली साधिका हैं। अपने दैनिक जीवन में वे जानबूझकर रफ़्तार धीमी रखती हैं और खुशी देने वाले पलों को महसूस करती हैं। अपने इन अनुभवों से मैंने सबसे बड़ी बात यह सीखी कि अगले सेकंड या अगले पल की आपको कभी कोई गारंटी या आश्वासन नहीं होता। ऐन मानती हैं कि कठिन अनुभव हमें अपने बारे में सिखा सकते हैं और यह समझने में मदद कर सकते हैं कि हम जीवन में क्या बदलना चाहते हैं। इसलिए कुछ भी पत्थर की लकीर नहीं है। हम उन्हें बदल सकते हैं। हम पृथ्वी पर इसीलिए हैं: वे बदलाव करने के लिए। यह जागरूकता रखें, फिर वे बदलाव करें और आप अपनी मनचाही ज़िंदगी जी सकते हैं। (Life Lab Near-Death Experiences यूट्यूब चैनल - धन्यवाद)